सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

चपड़ी मौसी (मज़ेदार कहानी)

चपड़ी मौसी 
बिल्ली चूहे को क्यों ना पसंद करती है और शेर को बिल्ली ज़रा भी पसंद नहीं, ऐसा क्यों जानिए इस कहानी के ज़रिए
billi aur chuhaa

बिल्ली चूहे को पसंद नहीं करती है और शेर बिल्ली को  ज़रा भी पसंद नहीं करता। ऐसा क्यों जानिए इस कहानी के ज़रिए

बिल्ली को शेर की मौसी कहा जाता है। लेकिन शेर को तो बिल्ली ज़रा-भी पसंद नहीं आती। आख़िर क्यों? और ऐसा भी क्या है कि बिल्ली जैसी चालाक प्राणी नन्हे चूहे के पीछे पड़ी रहती है? प्रस्तुत है इसी मुद्दे को और रोचक बनाती जंगल की एक कहानी।

बहुत पुरानी बात है। जंगल का राजा शेर बिल्ली पर बहुत भरोसा करता था। बिल्ली चपड़ी मौसी के नाम से मशहूर थी। चपड़ी मौसी शेर की सलाहकार भी थी। शेर के दरबार में चूंचूं चूहा भी था। वह शेर का मंत्री था। चूंचूं बुद्धिमान था। संकट में चूंचूं ही शेर के काम आता। चपड़ी मौसी बहानेबाज़ थी। बीमारी का बहाना लेती। एक दिन शेर ने बिल्ली से कहा, ‘चपड़ी मौसी। जब-जब हम मुसीबत में होते हैं, चूहा ही हमें उबार लेता है।’ यह सुनकर बिल्ली जल-भुन गई। मौक़ा देखकर बिल्ली चूहे से बोली, ‘पिद्दी भर के छोकरे। कसम खाती हूं।’ एक दिन तुझे ज़रूर हराऊंगी।’ चूहा मुस्कराया। प्यार से बोला, ‘एक दिन शेर जान जाएगा कि तुम धोखेबाज़ हो। मेरा भी वादा है कि एक न एक दिन तुम्हारी पोल खोल दूंगा।’ बिल्ली तैश में आ गई। पंजा दिखाते हुए बोली, ‘ऐसा कभी नहीं होगा। मैं शेर की मौसी हूं। समझे।’

एक दिन की बात है। दरबार सजा था। शेर बोला, ‘प्रजा में लोकप्रिय होने का सरल उपाय क्या है?’ चूहे को इसी अवसर की तलाश थी। वह उठ खड़ा हुआ बोला, ‘महाराज। महाभोज दे दीजिए। शाकाहारी भोज। ऐसा भोज, जो साफ़-सुथरा हो। चपड़ी मौसी बताएंगी कि ऐसा भोज क्या हो सकता है।’ बिल्ली को कुछ सूझा ही नहीं। उसका सिर घूम गया। वह सिरदर्द का बहाना बनाने लगी। शेर ने नाराज़ होते हुए कहा, ‘चपड़ी मौसी, तुम कैसी सलाहकार हो। आज तक तुमने एक भी सलाह नहीं दी है।’ तभी चूहा बोला, ‘महाराज। दूध ही ऐसा भोज हो सकता है, जो शाकाहारी माना जा सकता है। दूध बड़ी कड़ाही में जमा करवाया जाए। दूध का दही जमवाया जाए। फिर उसका भोज में उपयोग किया जाए। लेकिन दूध की सुरक्षा भी बड़ी ज़िम्मेदारी है। मुझे तो चपड़ी मौसी पर भरोसा है। दूध की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी चपड़ी मौसी को ही दी जाए।’ शेर ख़ुश होते हुए बोला,‘वाह! अच्छा सुझाव है। हमारा आदेश है कि मौसी ही विशालकाय कड़ाही में दूध जमा करवाएगी। तीन दिन बाद दही समूची प्रजा को परोसा जाएगा। विशाल शाकाहारी भोज की घोषणा करवा दो।’

दूध जमा होने लगा। बिल्ली के घर में भीड़ लग गई। कुछ ही घंटों में विशालकाय कड़ाही दूध से लबालब भर गई। बिल्ली ने कड़ाही के पास अपना सिरहाना लगा दिया। लालची और चटोरी बिल्ली अपने पास ही रखे इतने बड़े ख़ज़ाने से हैरान थी। वह मन ही मन बोली, ‘मैंने ऐसा ताज़ा और गाढ़ा दूध कभी नहीं पिया। थोड़ा-सा दूध चपड़ लेती हूं। किसी को क्या पता चलेगा।’ बिल्ली ने कढ़ाही में मुंह डाला। वह थोड़ा दूध पी गई। दूध स्वादिष्ट था। थोड़ी ही देर बाद बिल्ली का जी िफर ललचाया। उसने थोड़ा दूध और पी लिया। दोपहर, शाम और रात को उठ-उठ कर बिल्ली चपड़-चपड़ कर थोड़ा-थोड़ा दूध पीती रही। बिल्ली को नींद नहीं आई। सुबह उठते ही उसने िफर दूध पी लिया। बिल्ली की जीभ में दूध का स्वाद चढ़ चुका था। बिल्ली का जब भी मन करता वो थोड़ा-थोड़ा दूध चपड़ लेती।

तीन दिन बीत गए। बिल्ली को दरबार में बुलाया गया। शेर ने पूछा, ‘मौसी। दूध सही-सलामत है?’ बिल्ली हड़बड़ाते हुए बोली, ‘जी हां। मैं पल भर के लिए भी कहीं नहीं गई।’ चूहा मुस्कराया। उसने पूछा, ‘चपड़ी मौसी। क्या दही जम गया?’ बिल्ली सकपका गई। कुछ नहीं बोल पाई। शेर दरबारियों के साथ बिल्ली के घर जा पहुंचा। कुत्ते ने कड़ाही में कड़छी डाली। दूध का दही जमा ही नहीं था क्योंकि उसमें से दूध लगातार निकाला जाता रहा था। चूहा तपाक से बोला,‘महाराज। दूध से छेड़खानी की गई है। लगता है, चपड़ी मौसी दूध चपड़ती रही। दही जमता कैसे। अब भोज का क्या होगा? प्रजा तो पंगत लगाकर बैठ गई है।’ शेर दहाड़ते हुए बोला, ‘भोज के लिए तो इंतज़ाम हो जाएगा। पहले मैं इस चपड़ी को चपड़ता हूं।’ इससे पहले कि शेर बिल्ली पर झपटता, वो नौ दो ग्यारह हो गई। बिल्ली पेड़ पर चढ़ गई। कहते हैं, तभी से शेर बिल्ली से नफ़रत करने लगा है। बिल्ली भी चूहे को देखते ही हमला कर देती है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हिंदी हास्य कविता स्वर्ग में मोबाइल कनैक्शन

स्वर्ग में मोबाइल कनैक्शन स्वर्ग में से स्वर्गवासी झाँक रहे धरती पर इंद्र से ये बोले कुछ और हमें चाहिए। देव आप कुछ भी तो लाने देते नहीं यहाँ,  कैसे भोगें सारे सुख आप ही बताइए। इंद्र बोले कैसी बातें करते हैं आप लोग, स्वर्ग जैसा सुख भला और कहाँ पाइए।  बोले स्वर्गवासी एक चीज़ है, जो यहाँ नहीं, बिना उसके मेनका और रंभा न जँचाइए। इंद्र बोले, कौन-सी है चीज़ ऐसी भला वहाँ, जिसके बिना स्वर्ग में भी खुश नहीं तुम यहाँ? अभी मँगवाता हूँ मैं बिना किए देर-दार, मेरे स्वर्ग की भी शोभा उससे बढ़ाइए। बोले स्वर्गवासी, वो है मोबाइल कनैक्शन, यदि लग जाए तो फिर दूर होगी टेंशन। जुड़ जाएँगे सब से तार, बेतार के होगी बात, एस0 एम0 एस0 के ज़रिए अपने पैसे भी बचाइए। यह सुन इंद्र बोले, दूतों से ये अपने, धरती पे जाके जल्दी कनैक्शन ले आइए। दूत बोले, किसका लाएँ, ये सोच के हम घबराएँ, कंपनियों की बाढ़ है, टेंशन ही पाइए। स्वर्गवासी बोले भई जाओ तो तुम धरती पर, जाके कोई अच्छा-सा कनैक्शन ले आइए। बी0एस0एन0एल0 का लाओ चाहें आइडिया कनैक्शन जिओ का है मुफ़्त अभी वही ले आइए।...

HINDI ARTICLE PAR UPDESH KUSHAL BAHUTERE

‘‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे’’ ‘पर उपदेश कुशल बहुतेरे’-इस पंक्ति का प्रयोग गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपने कालजयी ग्रंथ ‘रामचरित मानस’ में उस समय किया है, जब मेघनाद वध के समय रावण उसे नीति के उपदेश दे रहा था। रावण ने सीता का हरण करके स्वयं नीति विरुद्ध कार्य किया था, भला ऐसे में उसके मुख से निकले नीति वचन कितने प्रभावी हो सकते थे, यह विचारणीय है।  इस पंक्ति का अर्थ है कि हमें अपने आस-पास ऐसे बहुत-से लोग मिल जाते हैं जो दूसरों को उपदेश देने में कुशल होते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि लोग दूसरों को तो बड़ी आसानी से उपदेश दे डालते हैं, पर उन बातों पर स्वयं अमल नहीं करते, क्योंकि-‘‘कथनी मीठी खांड सी, करनी विष की लोय।’’ हम भी ऐसे लोगों में से एक हो सकते हैं, या तो हम उपदेश देने वालों की श्रेणी में हो सकते हैं या उपदेश सुनने वालों की। अतः लगभग दोनों ही स्थितियों से हम अनभिज्ञ नहीं हैं। हमें सच्चाई पता है कि हमारे उपदेशों का दूसरों पर और किसी दूसरे के उपदेश का हम पर कितना प्रभाव पड़ता है। सच ही कहा गया है,  ‘‘हम उपदेश सुनते हैं मन भर, देते हैं टन भर, ग्रहण करते हैं कण भर।’’ फिर क्य...

Article निंदक नियरे राखिए

निंदक नियरे राखिए यह पंक्ति संत कवि कबीरदास जी के एक प्रसिद्ध दोहे की है। पूरा दोहा इस प्रकार है- ‘‘निंदक नियरे राखिए, आँगन कुटी छवाय। बिनु पाणि साबण बिना, निरमल करै सुभाय।।’’ अर्थ-कबीर दास जी कहते हैं कि हमें हमारी निंदा करने वाले व्यक्ति से बैर नहीं पालना चाहिए, बल्कि उसे अपनी कुटिया में, अपने घर के आँगन में अर्थात् अपने समीप रखना चाहिए। निंदक व्यक्ति के कारण बिना पानी और बिना साबुन के हमारा स्वभाव निर्मल बन जाता है। अब आप सोच रहे होंगे कि कबीर ने ऐसी बात क्यों कह दी? भला जो व्यक्ति हमारी बुराई कर रहा हो, उससे हमारा सुधार कैसे हो सकता है? तो मैं आपको बता दूँ कि कबीर दास जी महान समाज-सुधारक थे। उनकी हर एक साखी उनके अनुभव का आईना है। उनकी हर एक बात में गूढ़ अर्थ निहित है। कबीर दास जी ने एकदम सही कहा है कि निंदक व्यक्ति बिना किसी खर्च के हमारा स्वभाव अच्छा बना देता है। सोचिए, हमें अपने तन की स्वच्छता के लिए साबुन एवं पानी आदि की आवश्यकता पड़ती है, जबकि मन को स्वच्छ करना इतना कठिन होता है, फिर भी उसे हम बिना किसी खर्च के अत्यंत सरलता से स्वच्छ कर सकते हैं। बस, इसके लिए हमें निं...